नगर कोतवाली के कीना का पुरवा गांव में बीतीरात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद पड़ोसियों ने शव को सड़क के किनारे फेंक दिया। इस घटना से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपियों की तलाश कर रही है। फिलहाल सारे आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हैं।
कीना का पुरवा गांव निवासी अनिल (25) का पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। रविवार की रात फिर कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि आरोपियों ने पीट-पीटकर अनिल को मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को सड़क के किनारे फेंककर भाग निकले। ग्रामीणों ने जब अनिल की लाश देखी तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने अनिल को अस्पताल भेजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपियों की खोजबीन कर रही है।