सीजन का पहला घना कोहरा वृहस्पतिवार को पड़ा। कोहरा इस कदर घना था कि सुबह नौ बजे तक दृश्यता करीब दो मीटर तक सिमट गई। कोहरे के चलते ज्यादातर ट्रेनें अपने समय की पटरी से उतर गईं।
स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद के मुताबिक कोहरा के कारण जम्मूतवी एक्सप्रेस 6 घंटे की विलंब से जंक्शन पहुंची। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल चार घंटे जहां लेट रही। वहीं जनता एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस निरस्त रहीं।
बीपीएल पैसेंजर ट्रेन करीब दो घंटे देरी से जंक्शन पर पहुंची। कानपुर इंटर सिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से रवाना की जा सकी। स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि घना कोहरा होने के कारण चालक को सिग्नल तक नहीं दिखाई पड़ रहा है। कोहरा का असर ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ रही है।
वहीं जंक्शन के प्लेटफाॅर्म पर ट्रेनों के इंतजार में बैठे यात्री ठिठुरते रहे। ट्रेनों का प्लेटफॉर्म बदलने से भी लोग दौड़-भाग करते रहे। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर जंक्शन आए यात्री खासा परेशान रहे।