चांदपुर का रहने वाला है रीतेश, बुधवार को पहुंची पुलिस, परिजनों संग ग्रामीणों से पूछताछ
काम-काज के सिलसिले में गया था झारखंड
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। धनबाद जेल में गैंगस्टर अमन सिंह की हत्या करने वाला आरोपी रीतेश यादव देल्हूपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर का रहने वाला है। बुधवार को शाम झारखंड पुलिस चांदपुर पहुंची। परिजनों, ग्रामीणों से पूछताछ के बाद प्रयागराज के लिए रवाना हो गई।
उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर अमन सिंह को 3 दिसंबर को धनबाद जेल में गोलियों से भून दिया गया था। सीसीटीवी फुटेज के जरिये हत्या करने वाले शूटर सुंदर महतो उर्फ रीतेश यादव को पुलिस ने पकड़ लिया। पहले वह खुद को बोकारो के थाना चंद्रपुरा के तेलो गांव का रहने वाला बता रहा था। कड़ाई से की गई पूछताछ में पता चला कि रीतेश यादव प्रतापगढ़ जनपद के देल्हूपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव का रहने वाला है।
झारखंड पुलिस बुधवार की शाम चांदपुर पहुंची। परिजनों, गांव के लोगों को आधार कार्ड दिखाकर सत्यापन किया। घर पर मिली मां केसरी और भाई ऋषभ से भी पूछताछ कर परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड, राशन कार्ड की छाया प्रति कब्जे में लिया। करीब दो घंटे तक गांव में पड़ताल करती रही। देल्हूपुर थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि झारखंड पुलिस आई जरूर थी लेकिन थाने पर कोई जानकारी नहीं दी थी।
ग्रामीणों का कहना है कि वह काम-काज के सिलसिले में साल भर पहले झारखंड गया था। वह बीच-बीच में आता-जाता रहता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार रीतेश 25 नवंबर को चोरी की बाइक के साथ पकड़कर जेल भेजा गया था।
इनसेट
ट्रक चलाकर परिवार का खर्च चलाता है पिता
गैंगस्टर की हत्या करने वाले रीतेश के पिता इंद्रपाल सूरत में ट्रक चलाकर परिवार का गुजर बसर करते हैं। मां केसरी देवी गांव की आशा बहू हैं। वह अपने छोटे बेटे ऋषभ व बेटी के साथ घर पर ही रहती हैं। छोटी बहन परिवार के लोग भी रीतेश द्वारा गैंगस्टर की हत्या करने की जानकारी के बाद हतप्रभ हैं। गांव में भी वह किसी से विवाद नहीं करता था। पुलिस के जाते ही परिवार के लोग भी ताला बंद कर कहीं चले गए।