बीए की छात्रा के साथ सरेराह छेड़खानी करने के मामले को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस को अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है। फतनपुर इलाके की रहने वाली युवती रानीगंज स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। 13 सितंबर को फॉर्म भरने के लिए घर से रानीगंज बाजार जा रही थी। रास्ते में नकाबपोश दो मोटरसाइकिल सवार मनचलों ने उसे रोक लिया। छेड़खानी करते हुए उसका दुपट्टा खींच लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार को कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। क्षेत्र के तीन संदिग्धों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार राय ने बताया कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।