सार्वजनिक समारोहों में शामिल होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक लाख तीस हजार नकदी, सोने की दो चेन व स्कापियो कार के साथ गैर जनपद की तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
लालगंज कोतवाली के अर्जुनपुर निवासी पूर्व ब्लाॅक प्रमुख रमेश प्रताप सिंह की ओर से दर्ज कराए गए केस में कहा गया है कि उनके घर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में बुधवार की रात माधुरी, रंजना, गायत्री व निर्मला के गले की सोने की चेन छिन गई। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद रानीगंज कैथौला पुलिस चौकी प्रभारी सुरेन्द्र सिंह वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में जुट गए। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को पुलिस ने रायपुर तियांई गांव के समीप खंडहर के पास स्कार्पियो से भागने का प्रयास कर रही तीन महिलाओं समेत छह संदिग्ध लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो सोने की चेन, एक लाख तीस हजार नकदी और चेन कटर बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से बरामद नकदी चेन बेचकर इकट्ठा की गई थी। आरोपियों की पहचान गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना के संसारपार निवासी शीला देवी, फूलमती, प्रभु, रमेश व मऊ जिले के परहदा कोतवाली निवासी कुसुम देवी, सोनू कुमार के रूप में हुई। चौकी प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी स्कार्पियो से वैवाहिक व भागवत कथा जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होते थे। इनके निशाने पर महिलाएं होती थीं। महिला आरोपी आयोजनों में मौजूद महिलाओं के बीच पहुंचकर उनका आभूषण कटर से काटकर आसपास मौजूद सहयोगियों की मदद से भाग निकलतीं थीं। कोतवाली परिसर में घटना का खुलासा करते हुए प्रभारी निरीक्षक अवन दीक्षित ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया। अन्य जनपदों के उनके द्वारा की गई घटनाओं की जानकारी खंगाली जा रही है।