कोतवाली में तैनात दरोगा का विवादित जमीन की दीवार गिराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अफसर सफाई दे रहे हैं। यह मामला क्षेत्र के लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
कुंडा कोतवाली के फेरई का पुरवा गांव निवासी जटाशंकर के मुताबिक अपनी जमीन पर वह मकान बनवाकर रहते हैं। मकान का एक पिलर व दीवार कुछ दिन पहले बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसका निर्माण जटाशंकर करा रहे थे। इसका विरोध करते हुए पड़ोसी आनंद कुमार ने निर्माण कार्य को बंद करने की धमकी देते हुए गालीगलौज की। आनंद कुमार पीआरडी जवान हैं। विवाद होता देख जटाशंकर पूरे परिवार के साथ घर में चले गए। इस बीच पीआरडी जवान के साथ हलका दरोगा मनोज कुमार ने निर्माणाधीन दो पिलर व दीवार धक्का देकर गिरा दिया। जिसका किसी ने वीडियो बना लिया, जो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा।
हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। दरोगा की करतूत की वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई। जटाशंकर ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की। पुलिस की किरकिरी होती देख सीओ कुंडा अजीत सिंह ने देर शाम बयान जारी कर बताया कि जमीन विवादित है, जिसका एडीएम न्यायालय से स्थगन आदेश था। दीवार निर्माण से पुलिस ने रोका भी था। विवाद को देखते हुए दोनों पक्षों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया। इसके बाद भी निर्माण कराया गया। अदालत के आदेश का अनुपालन कराने दरोगा गए थे।
आम आदमी के मामले में पहले राजस्व टीम की बात करती है पुलिस
दरोगा मनोज कुमार की करतूत से पुलिस अफसर बैकफुट पर नजर आए। अमूमन आम आदमी के मामले में पुलिस राजस्व विभाग की मौजूदगी में ही विवादित मामलों के निस्तारण की बात करती है। ऐसे में दरोगा मनोज कुमार ने अकेले जाकर दीवार गिराने की जहमत क्यों उठाई।