फतनपुर थाना क्षेत्र के गाजी का बाग के पास चेकिंग के दौरान रविवार को तहसील बार एसोसिएशन रानीगंज के महामंत्री अधिवक्ता सीबी सिंह से पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की। आरोप है कि बाइक भी तोड़ दी। जिसे लेकर तहसील बार एसोसिएशन रानीगंज की ओर से रविवार को अधिवक्ताओं की बैठक हुई। एसोसिएशन के महामंत्री एडवोकेट सीबी सिंह ने एसडीएम व सीओ को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ रानीगंज को दिए शिकायती पत्र में अधिवक्ता सीबी सिंह ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे वह फतनपुर थाना क्षेत्र के गाजी की बाग के पास स्थित पेट्रोल टंकी पर मोटर साइकिल से तेल लेने जा रहे थे। जब वह गाजी की बाग स्थित चेकिंग प्वाइंट पर पहुंचे तो वहां मौजूद दरोगा मुसाफिर राम और मुख्य आरक्षी फोटो खींचने लगे। उन्होंने पुलिसकर्मी को फोटो खींचने से मना किया। इसपर सब इंस्पेक्टर मुसाफिर राम व पुलिसकर्मी कुशल ने अभद्रता करते हुए कॉलर पकड़ लिया और बाइक तोड़ दी। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर पुलिसकर्मियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई और निलंबन नहीं किया जाता तो वे आंदाेलन को बाध्य होंगे।