कोतवाली देहात के चक्काजी मोहल्ले से छात्र को अगवा कर गला रेतकर फरार आरोपी को खोजने में पुलिस नाकाम रही। हालत में सुधार देख डॉक्टरों ने अस्पताल से उसे छुट्टी दे दी, फिर पुलिस ने घर पहुंचकर बयान दर्ज किया।
चक्काजी के रऊफ के सात वर्षीय बेटे सरफराज को सोमवार की रात शौच के दौरान एक बदमाश अगवा कर सरसों के खेत में ले गया, जहां चाकू से उसका गला रेत दिया। उसके बेहोश होने पर हमलावर उसे सरसों के खेत में ही फेंककर भाग निकला था।
मंगलवार भोर में खून से लथपथ सरफराज घर पहुंचा। उसकी दशा देख इलाके में सनसनी फैल गई। उसकी हालत गंभीर देख परिजन एसआरएन प्रयागराज ले गए। रऊफ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
घटना के पांच दिन बाद भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। शुक्रवार को अस्पताल से छात्र की छुट्टी के बाद चौकी प्रभारी सिटी प्रतापगढ़ उसके घर पहुंचे। उसका दोबारा बयान लिया, लेकिन काफी पूछताछ के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला।