सऊदी अरब के अस्पताल में दम तोड़ने वाले धर्मराज के शव को वतन की माटी मिलने की उम्मीद जगी है। भारतीय दूतावास को किए गए ट्वीट में जवाब आया है कि मामला संज्ञान में है। एनओसी की कार्रवाई की जा रही है।
करारी कोतवाली के तियरा जमालपुर निवासी धर्मराज नौ साल पहले सऊदी अरब के दम्माम शहर में कमाने गए थे। घर में पत्नी गीता तीन बेटियों के साथ रहती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। पिछले एक महीने से धर्मराज कैंसर से पीड़ित थे। सोमवार को सऊदी के अस्पताल में इलाज के दौरान धर्मराज की मौत हो गई। पीड़ित परिवार शव लाने के लिए परेशान है। इसे लेकर जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री तक को फैक्स कर पीड़ित परिवार ने मदद की गुहार लगाई।
अमर उजाला ने भी प्रमुखता से खबरें प्रकाशित कीं। इस मामले में सियाराम सिंह ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री को ट्वीट किया। जिसके जवाब में भारतीय दूतावास की तरफ से जवाब आया। उसमें लिखा है कि निधन पर हमारी गहरी संवेदना। दूतावास ने पहले ही एनओसी जारी किया दिया है। प्रायोजक अवशेषों के परिवहन के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। दूतावास हर संभव मदद करेगा।