पुलिस के पहुंचने से पहले भागे हमलावर, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
सगरा सुंदरपुर। बैनामे की जमीन पर जबरन मेड़ बांधने का विरोध करने पर किसान की लाठी- डंडों से पीटा गया। ग्रामीण बीच बचाव करने दौड़े तो हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले हमलावर भाग निकले। पुलिस ने फायरिंग की बात से इंकार किया है।
लीलापुर थाना क्षेत्र के शकूहाबाद निवासी वसीम अहमद का आरोप है कि उसके पिता जमील अहमद ने साल भर पहले कमरुद्दीन से जमीन का बैनामा लिया था। मंगलवार को इस जमीन पर गांव के खेल्लन, राकिब, मुजीब सगीर आदि एक राय होकर मेड़ बांधने लगे। उसके चाचा खलील अहमद ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी- डंडे से चाचा की पिटाई शुरू कर दी। शोर शराबा सुनकर लोग बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने कई राउंड हवाई फायरिंग की। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही पीड़ित की कनपटी पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए हमलावर भाग निकले। विवाद के दौरान खुलेआम फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। लीलापुर एसओ सुभाष यादव ने बताया कि जमीनी विवाद में मारपीट हुई है। हवाई फायरिंग की बात बेबुनियाद है। मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।