विशेष अभियान : लूट, हत्या, डकैती, पॉक्सो, गैंगस्टर, धर्मांतरण, गोकशी के फरार आरोपियों पर कसेगा शिकंजा
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। विशेष अभियान के तहत फरार शातिर अपराधियों को पकड़ने का खाका खींच लिया गया है। 24 थानों की पुलिस कुंडली तैयार कर रही है। हत्या, लूट, डकैती, पॉक्सो, गैंगस्टर, रंगदारी, धर्मांतरण, गोकशी के मुकदमे में फरार चल रहे इनामी बदमाश जल्द ही पुलिस की स्पेशल टीम के शिकंजे में होंंगे।
डीजीपी विजय कुमार के निर्देश पर एसपी सतपाल अंतिल ने एएसपी पूर्वी-पश्चिमी, सभी सर्किल के सीओ के साथ संवाद कर अलग-अलग बिंदुओं पर काम कराने के लिए क्राइम ब्रांच, स्वॉट टीम तथा सर्विलांस सेल को जिम्मेदारी देने की कवायद पूरी कर ली है।
स्थानीय पुलिस जेल में बंद अपराधी तथा फरार आरोपियों के घर तक सत्यापन कर रही है। प्रत्येक थाना क्षेत्र में सत्यापन का काम निर्धारित 15 दिन के भीतर पूरा किया जाएगा। सीओ फाइनल रिपोर्ट एसपी को सौपेंगे। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बगैर स्पेशल टीम धरपकड़ में जुट जाएगी।
-
कमान संभालेंगे एसपी
बदमाशों पर कब और किस समय कार्रवाई करनी है, यह प्रक्रिया एसपी की ओर से तय की जाएगी। इसमें क्राइंमब्रांच, स्वॉट, सर्विलांस टीम को शामिल किया गया है। इस ऑपरेशन को सफल करने वाले टीम को सदस्यों को पुरस्कार भी मिलेगा। असहयोग करने वाले पुलिसकर्मियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।