जलेशरगंज मुठभेड़ में हत्थे चढ़े हिस्ट्रीशीटर व चार लुटेरे साथी गए जेल
लूट की चार बाइक, मोबाइल फोन, 23 हजार रुपये व दो तमंचा भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
लालगंज। शुक्रवार की शाम जलेशरगंज में पुलिस व बदमाशों की मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर व उसके चार साथियों को पुलिस व स्वाॅट टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई चार बाइक, मोबाइल फोन, 23 हजार रुपये व दो तमंचा बरामद हुआ है। कोतवाली में पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
जलेशरगंज में शुक्रवार की शाम मुठभेड़ की जानकारी के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक अमृत जैन (प्रशिक्षु आईपीएस) के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस व स्वाॅट टीम ने धारूपुर जंगल में घेराबंदी कर हिस्ट्रीशीटर बदमाश व उसके चार साथियों को रात में पकड़ लिया। बदमाशों की पहचान हिस्ट्रीशीटर लुटेरे सलमान निवासी ककरहिया खानापट्टी, लवकुश वर्मा निवासी पूरेवंशी, लीलापुर थाना के हदिराही निवासी सुनील, सगरा सुंदरपुर के अभिषेक वर्मा, ओरी का पुरवा के सुनील वर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह बनाकर वे राहगीरों से लूटपाट व छिनैती की वारदात को अंजाम देते थे। सभी के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया।
वर्जन
मुठभेड़ में पकड़े गए गैंग लीडर व उसके चार साथियों की काफी दिनों से तलाश थी। आरोपियों के पास तमंचा, लूट की बाइकें व नकदी बरामद की गई है। गैंग के फरार हुए दो साथियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी है।
अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक
इनसेट
गैंग लीडर पर अलग-अलग थानों में दर्ज हैं 14 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्त में आया हिस्ट्रीशीटर सलमान गिरोह का गैंग लीडर है। उसके खिलाफ लालगंज, महेशगंज, लीलापुर व सांगीपुर थाने में लूट, छिनैती व धोखाधड़ी के 14 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, हदिराही के सुनील पर अलग-अलग थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। गैंग लीडर सलमान पांच साल से गिरोह के सदस्यों के साथ लूट व छिनैती की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बीते तीन दिनों में वह लूट की दो वारदात को अंजाम दे चुका था।
इनसेट
पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश फरार
मुठभेड़ के दौरान गैंग लीडर सलमान व उसके साथियों ने पुलिस व स्वॉट टीम को सामने देख कर फायर झोंका था। इस मामले में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अमृत जैन ने हिस्ट्रीशीटर सलमान समेत सात के खिलाफ पुलिस टीम पर हत्या के प्रयास व बलवा समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया है। जेल भेजे गए आरोपियों के अलावा मुठभेड़ के दौरान फरार हुए जलेशरगंज निवासी सद्दाम व ककरहिया के दिलशाद को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस की टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
0000
मां-बेटे की पिटाई में चार आरोपियों पर केस
लालगंज। मधुकरपुर निवासी गीता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रंजिश में सात अगस्त को गांव के संजय वर्मा, अमित वर्मा, छंगू व बालेंद्र ने उसे व उसके पुत्र को मारपीट कर घायल कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। संवाद
-
सात आरोपियों पर बलवा व मारपीट का केस
लालगंज। उदयपुर के रेहुआ लालगंज निवासी रणवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बृहस्पतिवार को गांव के विजय बहादुर वर्मा, दीपक, कपिल, अमित, सावित्री, ऊषा, आरती ने घर के घुसकर उसकी पत्नी व पुत्री को लाठी- डंडे से मारा पीटा। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते भाग निकले। शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बलवा व मारपीट के आरोप में केस दर्ज किया गया है। संवाद