पुलिस ने नए साल की शुरूआत गुडवर्क से की है। जिले के 12 थानों में पहला मुकदमा गुड वर्क से संबंधित लिखा गया। इसके पीछे पुलिस की यही मंशा है कि साल 2024 बेहतर हो। थाना क्षेत्र में अपराध कम हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।
जिले में नगर कोतवाली, देहात कोतवाली व महिला थाना सहित 25 थाने हैं। 13 थानों पर गुडवर्क का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया। जबकि महिला थाना समेत अन्य 12 थानों पर रामराज्य कायम रहा। हालांकि ऐसा करने के पीछे कोई नियम नहीं है। इसे नए साल पर हमेशा से चले आ रहे टोटके की स्वस्थ परंपरा माना जाता है।
नगर कोतवाली में एक जनवरी को पहला मुकदमा रेलवे क्रॉसिंग पर मिली अवैध शराब का लिखा गया। अंतू थाने में गांजा पकड़ा गया। आसपुर देवसरा में दस लीटर शराब बरामद की गई। रानीगंज में 60 लीटर शराब बरामदगी का मुकदमा दर्ज किया गया। फतनपुर में जुआ खेलते पकड़ने जाने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मानिकपुर में महिला के लापता होने का मुकदमा दर्ज हुआ। हथिगवां में अज्ञात शव मिलने पर मुकदमा पंजीकृत हुआ। वहीं बाघराय में दस लीटर शराब की बरामदगी और कुंडा में बंधन बैंक के कलेक्शन कर्मचारी से हुई लूट का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया है। उदयपुर पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ युवक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया।
लीलापुर पुलिस ने अवैध तमंचा व विस्फोटक सामग्री के साथ युवक को पकड़कर मुकदमा दर्ज किया। लालगंज पुलिस ने दस लीटर शराब बरामदगी का मुकदमा दर्ज किया है। मानधाता पुलिस ने दस लीटर शराब बरामदगी का मुकदमा दर्ज किया। कोतवाली देहात, महिला थाना, कंधई, कोहड़ौर, जेठवारा, दिलीपपुर, देल्हूपुर, पट्टी, महेशगंज,संग्रामगढ़,सांगीपुर, नवाबगंज में एक भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
एसपी सतपाल अंतिल का कहना है कि पुलिस सजग है। फरियादी संतुष्ट होकर जा रहे हैं। अपराधियों की धरपकड़ तेजी से की जा रही है। बड़ी घटनाओं का खुलासा तुरंत किया जा रहा है। ड्यूटी में लापरवाही करने वाले दंडित भी किए जा रहे हैं।