ननिहाल में युवती ने फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी। युवती की मौत की खबर पाकर परिजन रोने बिलखने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मोती का पुरवा की रहने वाली ब्यूटी वर्मा (22) बचपन से ही अपने ननिहाल अंतू थाना क्षेत्र के चतुरपुर गांव में रहती थी। नाना मोतीलाल वर्मा उसकी देख रेख करते थे। चर्चा है कि कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान थी। बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे वह खाना खाकर कमरे में सोने चली गई। शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजन परेशान हो गए। अनहोनी की आशंका होने पर दरवाजा तोड़ दिया गया। कमरे में युवती को पंखे के चुल्ले में लगे फंदे से लटकता देख परिजन रोने बिलखने लगे। थाना प्रभारी आनंदपाल सिंह ने बताया कि युवती मानसिक रूप से बीमार थी। इसी परेशानी के कारण उसने फांसी लगाकर जान दे दी। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।