बिहार के पुलिसकर्मी की वायरल रील पर बना है हार्न
संवाद न्यूज एजेंरी
प्रतापगढ़। इन दिनों शहर के कुछ ई-रिक्शों में सामान्य हार्न के स्थान पर जल्दी वहां से हटो...की ट्यून वाला नया हार्न प्रचलन में आया है। इसे दो वर्ष पहले पटना के एक पुलिस कर्मी के एनाउंसमेंट पर आधारित रील पर तैयार किया गया। पुलिस अब ऐसे हार्न का इस्तेमाल करने वाले ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई करेगी।
नए हार्न की ट्यून की पड़ताल करने पर पुलिस को पता चला कि पटना में सिने कलाकार पवन सिंह के प्रोग्राम के दौरान दो वर्ष पहले मोबाइल टॉवर व बाउंड्री वाल पर बैठे दर्शकों को हटाने के लिए माइक्रो स्पीकर पर अनाउंसमेंट के दौरान एक पुलिस वाले ने लोगों को भला-बुरा कहा था। इसी पुलिस वाले की आवाज के जरिये फेसबुक रील, इंस्टाग्राम रील पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुई। अब ई-रिक्शा में इस्तेमाल किया जाने लगा।
वाहनों में इस स्वर के हॉर्न का उपयोग होने की जानकारी के बाद ट्रैफिक पुलिस के साथ ही नगर कोतवाली पुलिस टीम कार्रवाई की तैयारी की है। ऐसा हार्न बजाने वाले ई-रिक्शा को तत्काल सीज कर जुर्माना वसूला जाएगा।
ई- रिक्शा में नए स्वर का हार्न बजाने का प्रचलन शुरू हुआ है। पुलिस टीम के संयुक्त प्रयास से इस पर प्रतिबंध लगाते हुए कार्रवाई की जाएगी।
- नरेंद्र सिंह, यातायात पुलिस प्रभारी