हाईवे के किनारे बने फुटपाथ पर पटरी दुकानदारों के अतिक्रमण से गुजरने वाले राहगरीरों को रोज परेशानियों का सामना करना पड़ता है। व्यपारियों और दुकानदारों के द्वारा इस अवैध अतिक्रमण से लोगों को मजबूरन अपने वाहन हाईवे पर खड़े करने होते हैं। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर स्थानीय कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा हाईवे के दोनों किनारे पक्के नाले का निर्माण कराया गया है। प्राधिकरण ने नाले पर दोनों ओर चौड़े लिंटर का स्लेब डाल रखा है। जिसका साइकिल सवार व पैदल यात्री फुटपाथ के रूप में करते थे। इधर , पटरी व ठेलिया दुकानदारों की नजर पक्के स्लेब की खाली जगह पर आ जमी। धीरे-धीरे इन पटरी दुकानदारों तथा ठेलिया वालों ने दोनों किनारों पर साग सब्जी तथा फल व अंडे की दुकानें सजा ली। ऐसे में अब साइकिल सवार तो दूर पैदल राहगीरों को भी यहां से गुजरने में मुश्किल होती है। यही नहीं बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों ने भी नाले पर बने स्लेब के सामने अपने सजावटी कारोबार के बोर्ड तथा सामान ढुलाई के छोटे बड़े वाहनों को आड़े तिरक्षा खड़ा कर अतिक्रमण शुरू कर दिया है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहक भी मजबूरन अपनी बाइकों व साइकिलों को अब हाईवे पर खड़े करने को मजबूर हैं। ऐसे में चौक में जाम लग रहता है। कई बार इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बाबत एसडीएम वाईबी सिंह का कहना है कस्बे में अतिक्रमण हटाने के लिए कोतवाली पुलिस को पत्र लिखा गया है। शीघ्र ही पुलिस व राजस्व टीम का गठन कर अभियान शुरू किया जाएगा।