शासन के निर्देश पर अब तीन दिनों तक सवारियां ढोने वाली बसों के खिलाफ उप संभागीय तथा परिवहन निगम की ओर से संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई 14 अगस्त तक जारी रहेगी। पहले दिन पांच बसाें को सीज करते हुए सात का चालान किया गया।
ओवरलोड तथा मानकविहीन बस समेत दूसरे वाहनों के खिलाफ चार दिनों तक अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश पर शुक्रवार को एआरटीओ प्रवर्तन दिलीप गुप्ता और परिवहन विभाग के एआरएम पीके कटियार ने प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर वाहनों की चेकिंग की। जांच अभियान के दौरान बिना फिटनेस तथा क्षमता से अधिक सवारियों को बिठाकर लंबी दूरी का सफर तय करने वाली पांच बसों को सीज करते हुए उन्हें पुलिस लाइन व निगम डिपो भेजा गया।
एक बस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि सात वाहनों का चालान किया गया। एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने बताया, यह अभियान तीन दिनों तक चलेगा। प्राइवेट बस चालक यदि कागज नहीं दिखा पाते हैं, तो उसे सीज कर दिया जाएगा।