कंधई थाने के जाफरपुर में छप्पर के मकान में लगी आग। संवाद
कंधई के जाफरपुर में शनिवार को शाॅर्ट सर्किट से लगी आग से गृहस्थी के सामान जल गए। घटना रुस्तम अली के घर में हुई। महिलाएं शनिवार की शाम खाना बना रही थीं। इस बीच अचानक शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शोर शराबा सुनकर गांव के लोग आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। कुछ ही देर में फायरब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ताला चौकी प्रभारी रजज्न राव भी अपनी टीम के साथ मौके पर रहे। उन्होंने बताया कि लोगों को बचा लिया गया है। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। संवाद
जान देने रेलवे लाइन किनारे पहुंची महिला को लोगों ने पकड़ा
ढकवा बाज़ार । आसपुर देवसरा के नीमा गोपालपुर हाल्ट पर शनिवार को ट्रेन के सामने कूदकर जान देने आई महिला को लोगों ने बचा लिया। नीमा गोपालपुर हाल्ट पर रेलवे लाइन के किनारे एक महिला घूम रही थी। कभी वह रेलवे लाइन के किनारे बैठ जाती। लोगों के देखने पर दूर जाती और खड़ी हो जाती।
ट्रेन आने की हलचल पर वह रेलवे लाइन पर लेट गई। यह देख गेटमैन संतोष कुमार ने शोर मचाया। वहां मौजूद रमेश यादव व दूसरे दुकानदारों ने उसे रेलवे लाइन से खींचकर बाहर निकाला। वह अपना नाम बताने से बचती रही। केवल घरेलू कलह से परेशान होने की बात कहती रही। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे महिला थाने भेजा।