ब्लाॅक में लगा रोजगार मेला दोपहर एक बजे तक सिमट गया। मेले में आने वाले काफी लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। इस दौरान जुटीं पांच कंपनियां महज 199 बेरोजगारों को ही रोजगार मुहैया करा सकीं।
जिला सेवायोजन कार्यालय की पहल पर संडवा चंद्रिका ब्लाक परिसर में बृहस्पतिवार सुबह दस बजे से रोजगार मेले की शुरुआत हुई। शाम चार बजे तक चलने वाला मेला, दोपहर एक बजे ही समाप्त हो गया। देर से पहुंचने वालों को निराश होकर लौटना पड़ा।
सेवा योजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने बताया कि मेले में 350 से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 199 लोगों का चयन हो सका। दोपहर बारह बजे के बाद जब कोई नहीं आया तो अलग-अलग कंपनियों के अफसर लौट गए। मेले में सेल्स/मार्केटिंग क्षेत्र की कंपनी, ब्राइट फ्यूचर हर्बल्स ,डीएसएस ग्रुप तथा इनोविजन लिमिटेड की ओर से सिक्योरिटी गार्ड/सुपरवाइजर पद के लिए दिल्ली एनसीआर/उप्र.कार्यस्थल के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
फिलहाल जिनका चयन नहीं हो सका है, ऐसे अभ्यर्थी अगले रोजगार मेले में शामिल हो सकेंगे। अभी कई ब्लाक और तहसीलों में रोजगार मेले लगेंगे। लेकिन, जिन बेरोजगारों ने अबतक सेवा योजन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, तत्काल करा लें। इससे वे अगली भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इस दौरान बीडीओ अपर्णा सैनी, शुभम श्रीवास्तव, अभिषेक पांडेय, संतलाल पाल, तौहीद अहमद, कन्हैयालाल आदि मौजूद रहे।