सहपाठी ने बाहरी साथियों संग बोला हमला, परिचारिका को भी चोटें आईं
संवाद न्यूज एजेंसी
घुइसरनाथ धाम। रंजिश के चलते स्कूल में घुसकर सहपाठी ने अपने साथियों संग कक्षा दस के छात्र को बेरहमी से पीटा। बीचबचाव में परिचारिका भी गिरकर चोटिल हो गईं। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर भाग निकले। पिटाई से घायल छात्रा को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल छात्र के परिजनों की ओर से मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के नौबस्ता निवासी सुमित गौड़ डभियान स्थित राजाराम किसान इंटर कॉलेज में कक्षा दस का छात्र है। इसी कक्षा में पढ़ने वाले देऊम निवासी सिद्वार्थ से कुछ दिनों पहले सुमित का विवाद हुआ था। आरोप है कि रंजिश के चलते बुधवार को सिद्वार्थ अपने छह बाहरी साथियों के साथ विद्यालय पहुंच गया। आरोपियों ने सुमित को बेरहमी से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। बचाने में परिचारिका सुमित्रा को भी चोटें आईं।
सूचना पर सांगीपुर पुलिस स्कूल पहुंची तो हमलावर भाग निकले। घटना की जानकारी पर घायल छात्र के परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। स्कूल का घेराव करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल भेजा और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
प्रधानाचार्य राजकरन शुक्ल ने बताया कि पुलिस को सूचना देते हुए दोनों छात्रों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। दोषियों का नाम विद्यालय से काटा जाएगा। घायल छात्र के परिजनों की ओर से भी आरोपियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।