प्रतापगढ़। बेसिक शिक्षा विभाग की तर्ज पर इस वर्ष माध्यमिक शिक्षा विभाग के हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं का नामांकन कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। शासन ने पत्र जारी करके ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारियों की तैनाती करके 31 जुलाई तक लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया है।
जिले के राजकीय और सहायता प्राप्त हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा। शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क स्थापित करके कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं का नामांकन कराने को कहा है। शासन ने पत्र निर्गत करके डीआईओएस से कहा है कि नामांकन अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इसके लिए ब्लाकों के प्रधानाचार्यों को नोडल अधिकारी नामित करने को कहा है।
शासन ने 31 जुलाई तक नामांकन का लक्ष्य पूरा करने को कहा है। जिले में ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं का नामांकन कराने के लिए अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। हालांकि बेसिक शिक्षा विभाग में भी एक से 31 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान जारी रहेगा।
जुलाई माह में छात्र-छात्राओं का अधिक से अधिक नामांकन कराने के लिए अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। गांव का कोई भी छात्र शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए शिक्षक अभिभावकों से संपर्क करके नामांकन कराएंगे।
- एसपी द्विवेदी, प्रभारी डीआईओएस