जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालक वर्ग सौ मीटर दौड़ में धीरज प्रथम, अनूप दूसरे और मो. आरिफ तीसरे स्थान पर रहे। जबकि बालिका वर्ग में मुस्कान प्रथम, आस्था यादव दूसरे और लक्ष्मी पटेल तीसरा स्थान हासिल किया। सीडीओ ईशा प्रिया ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। पहले दिन सिर्फ दो घंटे खेल प्रतियोगिता होने से अधिकांश बच्चों को वापस लौटना पड़ा।
जिले के 17 विकास खंडों में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में सफल होने वाले बच्चों ने बृहस्पतिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में अपना दम दिखाया। दोपहर करीब 2.30 बजे प्रारंभ हुई खेलकूद प्रतियोगिता दो ही घंटे चली। दरअसल, उद्घाटन करने के लिए सीडीओ को आना था।
उनके देर से आने के कारण 2.30 बजे प्रतियोगिता प्रारंभ हुई और साढ़े चार बजे समाप्त हो गई। प्राइमरी वर्ग 50 मीटर दौड़ बालक वर्ग में सुमित शर्मा, अंकित, सुचित, 50 मीटर बालिका वर्ग में रिया, मुस्कान और कृतिका क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, मिडिल वर्ग सौ मीटर दौड़ में शादान प्रथम, सत्यम यादव दूसरे और महेंद्र सरोज को तीसरा स्थान मिला, जबकि 400 मीटर दौड़ में शुभम गौतम को प्रथम, राजकुमार सरोज को दूसरा और शादान को तीसरा स्थान मिला। मिडिल बालिका वर्ग सौ मीटर दौड़ में मल्लिका सरोज, अल्पना और आर्या सिंह, 400 मीटर में सुलोचना, महक और शिवानी गुप्ता पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। पहले दिन समय कम होने के कारण अधिकांश प्रतियोगिताएं नहीं हो सकी।
मॉडल स्कूल कटरागुलाबसिंह के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। सीडीओ ईशा प्रिया ने मार्चपास्ट की सलामी ली और बच्चों के कौशल की सराहना की। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने सीडीओ का स्वागत किया। इस मौके पर प्रभाकर प्रताप सिंह, राम कुमारसिंह, राजेश सिंह, सुशील सिंह, सुदीप पांडेय प्रमुख रूप से मौजूद रहे।