रंजीतपुर चिलबिला बौद्ध विहार के पीछे सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटाता प्रशासन का जेसीबी।
करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन की प्लाटिंग करके बेचने की तैयारी करने वाले दबंगों के मंसूबे पर जिला प्रशासन ने पानी फेर दिया है। रविवार को एसडीएम सदर फोर्स के साथ पहुंचकर रंजीतपुर चिलबिला में सरकारी जमीन पर प्लाटिंग करने वाले डिग्री कॉलेज के प्रबंधक के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला। जबकि गायघाट रोड स्थित हाईवे ओवरबि्रज के बगल नाला बंद करके प्लाटिंग करने वाले दबंग के अवैध कब्जे पर बुलडोजर से जमीन को समतल किया गया।
जिले में सरकारी जमीन पर किस तरह अवैध कब्जा करके बेचा जा रहा है। इसे एसडीएम सदर उदयभान सिंह ने अपने आंखों से देखा। रंजीतपुर चिलबिला में एक डिग्री कॉलेज के प्रबंधक ने करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन की प्लाटिंग कर करके बीस-बीस लाख रुपये में बेच रहे थे। अवैध कब्जेदारों ने सड़क का निर्माण कराने के साथ ही एक -एक विश्व के अलग-अलग प्लाट बना रखे थे।
रविवार को टीम के साथ पहुंचे एसडीएम सदर ने अपनी मौजूदगी में जेसीबी से सभी प्लाटिंग संकेतक ध्वस्त कराकर जमीन समतल करा दी। इसके बाद गायघाट रोड स्थित हाईवे ओवरबि्रज के निकट सरकारी जमीन पर प्लाटिंग करने वाले दबंगों को सबक सिखाने के लिए अवैध कब्जे से जमीन को मुक्त कराया।
यहां पर अवैध कब्जे के चलते मे़डिकल कॉलेज की ओर से आने वाले नाले को बंद कर दिया गया था। इस कार्रवाई के बाद नाला खुल जाएगा। एसडीएम सदर ने बताया कि ओवरबि्रज के बगल एक व्यक्ति पक्का मकान बनाकर रह रहा है। उन्होंने नोटिस देकर घर गिराने की बात कही है। एसडीएम ने बताया कि अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।