बिजली चोरी की जांच और बकाएदारों के कनेक्शन काटकर केबल उतारने के दौरान मंगलवार की शाम बसीपुर गांव में बिजली विभाग की टीम पर हमला किया गया। केबल काटने से नाराज लोगों ने पथराव कर टीम सदस्यों को दौड़ा लिया। वे जान बचाकर भाग निकले। मौके पर खड़े सरकारी वाहनों पर पथराव किया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों के टायर भी पंक्चर कर दिए।
दिलीपपुर उपकेंद्र से मंगलवार की शाम प्रभारी एसडीओ रणविजय सिंह के निर्देश पर कर्मचारी संजय पांडेय, शिवम सिंह, पवन सिंह, महेंद्र कुमार अन्य कर्मचारियों के साथ राजस्व जुटाने के लिए चेकिंग अभियान में गए थे। बिजली कर्मियों के मुताबिक बसीरपुर दलित बस्तमी में बकाएदार बलिराम की केबल काटने के दौरान स्थानीय लोगों से टीम का विवाद हो गया।
अचानक उग्र हुए बस्ती के लोग पत्थरबाजी कर वाहनों में तोड़फोड़ करने लगे। कर्मचारी जान बचाकर गांव के बाहर भागे तो नाराज लोगों ने दोनों वाहनों के सभी टायर पंक्चर कर दिए। घटना की जानकारी पर कर्मचारियों को दिलीपपुर थाने भेजा गया।
उपकेंद्र के जेई रणविजय सिंह ने आरोप लगाकर बताया कि कार्रवाई और सुरक्षा देने के बजाया एसओ राधेश्याम ने कहा कि टीम को केबल काटने का अधिकार नहीं है। एसओ बिजली विभाग के थाने पर एफआई दर्ज कराने की नसीहत देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। एसओ के इस व्यवहार से विद्युत विभाग के अधिकारियों सहित कर्मचारियों में आक्रोश है।