मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। लालगंज कोतवाली के भोगापुर भटनी निवासी रामलखन सरोज ने सीओ रामसूरत सोनकर को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 25 जून को गांव के नींबूलाल मिश्र, राजेश मिश्र, संजय व सचिन ने रंजिश की वजह से जातिसूचक शब्दों को प्रयोग करते हुए गालियां दी और मारापीटा।
सीओ के निर्देश पर चारों आरोपियों के खिलाफ लालगंज कोतवाली में एससीएसटी एक्ट तथा मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, लालगंज के लाला का पुरवा रामपुर बावली निवासी तारा देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया, 27 जून को भूमि विवाद में विपक्षी दिलीप, कलावती, विद्या देवी व पांच अज्ञात हमलवारों ने घर में घुसकर मारापीटा। साथ ही सामान तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से कलावती ने विपक्षी राजेश, मुलायम, परमेश, बहादुर, तारा देवी, नेहा ने लाठी डंडे से मारापीटा और कीमती सामानों में तोडफ़ोड़ की। शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल कमलेश पाल ने बताया, शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद