चैत्र नवरात्रि नौ अप्रैल से शुरू हो रही है। नवरात्रि पर्व को लेकर भक्तों में काफी उत्साह है। वहीं, इस बार नवरात्रि पर पांच दिन तक खरमास का असर रहेगा।
नवरात्रि के दिन मां दुर्गा के नौ रूपों की अलग-अलग विधान से पूजा अर्चना की जाती है। सुख-शांति और समृद्धि के लिए संकल्प लेकर भक्त नौ दिन व्रत रखते हैं। नवरात्रि पर ही शुभ कार्यों की शुरूआत की जाती हैं। नए व्यापार की शुरूआत से लेकर गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्य माता के भक्त नवरात्रि में ही करते हैं, लेकिन इस बार नवरात्रि पर पांच दिन तक खरमास का असर रहेगा। 13 अप्रैल को खरमास समाप्त होगा। हालांकि खरमास की शुरूआत 14 मार्च से ही हो चुकी है। ज्योतिषियों के अनुसार खरमास के समापन के बाद मांगलिक कार्य किए जा सकते हैं। ज्योतिषाचार्य पं. राघवेंद्र शास्त्री ने बताया कि नौ से 13 अप्रैल तक खरमास लगा रहेगा। खरमास के समय मांगलिक और शुभ कार्य करना शास्त्रीय दृष्टिकोण से उचित नहीं समझा जाता है। खरमास में शुभ कार्य करने से शुभ फल की प्राप्ति नहीं होती है। ऐसे में लोग नवरात्रि के पांच दिन ही शुभ कार्य की शुरुआत करें।