प्रतापगढ़ में रेल पटरी के बीच लेट गया युवक, ऊपर से गुजर गई मालगाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला।
शराब के नशे में धुत युवक रेल पटरियों के बीच ही लेट गया। हद तो तब हो गई जब उसके ऊपर से मालगाड़ी भी गुजर गई और उसको होश नहीं आया।संयोग से मालगाड़ी गुजरने के बाद भी वह सही सलामत है। मालगाड़ी के ड्राइवर की सूचना पर पहुंचे स्टेशन मास्टर ने उसे पटरी से हटाकर किनारे कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचाना मुनासिब नहीं समझा। ग्रामीणों ने उसको अस्पताल भेजा।
शनिवार की रात लगभग 10 बजे प्रयागराज से गौरीगंज की ओर जा रही मालगाड़ी जैसे ही विश्वनाथगंज स्टेशन से आगे बढ़ी तो ड्राइवर विकास सिंह की नजर रेलवे ट्रैक के बीच में लेटे हुए युवक पर पड़ी। लोको पायलट जब तक कुछ समझ पाता ट्रेन काफी आगे निकल चुकी थी। घटना की जानकारी चालक ने तुरंत विश्वनाथगंज स्टेशन मास्टर को दी।
स्टेशन मास्टर ने मौके पर पहुंचकर देखा तो युवक दर्द से कराह रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे ट्रैक से हटवाकर रेलवे फाटक के पास बने मंदिर के पास ले गए। घायल युवक सेवालाल विश्वकर्मा तिलईबाजार मऊआइमा प्रयागराज का निवासी है। उसकी जेब से देसी शराब की शीशी बरामद हुई।
स्टेशन मास्टर ने उसे अस्पताल भेजवाना मुनासिब नहीं समझा और उसको वहीं पर छोड़कर चले गए। पूरेअजमेरशाह के ग्रामीणो ने 108 एंबुलेंस को बुलाकर युवक को मानधाता अस्पताल भेजा। सूचना पाकर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उसकी हालत में सुधार देख परिजन उसे घर ले गए।