कोहड़ौर सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ डा0 जीएम शुक्ला। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जीएम शुक्ला सोमवार सुबह दस बजे औचक निरीक्षण करने कोहड़ौर सीएचसी पहुंच गए। इमरजेंसी से लेकर ओपीडी तक का चेंबर खाली पड़ा था। सुबह पहुंचे मरीज परेशान होकर डॉक्टरों को खोज रहे थे। सीएमओ ने अनुपस्थित अधीक्षक, डॉक्टरों और कर्मचारियों का एक-एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही कारण बताओ नोटिस थमाकर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है।
कोहड़ौर सीएचसी के चिकित्सकों के लापरवाही की शिकायत मिलने के बाद सीएमओ सोमवार को सीएचसी की हकीकत देखने पहुंच गए। जांच में सीएचसी अधीक्षक डॉ. आजाद अहमद का चेंबर खाली मिला। इतना ही नहीं ओपीडी में बैठने वाली डॉ. मोनाली, डॉ. आलोक पांडेय, डॉ. सैफ, डॉ. विनीता सिन्हा, डॉ. भरत पाठक, बीसीपी एम मंजू, सुरभि जायसवाल, स्टॉप नर्स खुशनुमा, टीबी कक्ष के इंचार्ज देवेंद्र गुप्ता सहित दर्जन भर स्टॉप अनुपस्थित मिले।
डॉक्टरों और कर्मचारियों के न होने की वजह से मरीज परेशान हो रहे थे। मरीजों को परेशान देख सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर मंगाकर गायब डॉक्टरों और कर्मचारियों का एक-एक दिन का वेतन काटने के साथ कारण बताओ नोटिस थमाकर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।