जिलाधिकारी संजीव रंजन ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर डीपीआरओ और एडीओ पंचायतों को चेतावनी दी है। वर्ष 2023-24 में 20 ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराने के लिए ग्राम पंचायतों को बजट दिया गया, मगर अभी तक सिर्फ तीन ग्राम पंचायतों में ही निर्माण पूरा हुआ है, जबकि 17 ग्राम पंचायतों में अभी आधा-अधूरा है। डीएम ने नाराजगी प्रकट करते हुए अविलंब निर्माण कार्य पूर्ण कराने को कहा है। उन्होंने डीडीओ से मनरेगा की नियमित समीक्षा करने को कहा है।
लोकसभा चुनाव के बाद डीएम कैंप कार्यालय पर हुई बैठक में डीएम ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 की समीक्षा की। वित्तीय वर्ष 2023-24 में ओडीएफ प्लस चयनित गांव को मॉडल ग्राम घोषित करने के लिए 954 ग्रामों के सापेक्ष 237 ग्रामों में आरआरसी सेंटर, खाद गड्ढा, सोकपिट, लीचपिट का निर्माण कराया गया। 717 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है। डीएम ने अविलंब निर्माण कार्य पूर्ण कराने को कहा है। जिला विकास अधिकारी और उपायुक्त मनरेगा से कार्यों की मानीटरिंग करने और स्थल का निरीक्षण करने को कहा है। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों से तालाबों की खुदाई कराकर वर्षा के जल के जल का संचय करने के लिए कहा है। उन्होंने सभी विकास खंडों में सौ-सौ तालाबों की खाेदाई कराने को कहा है। डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों से क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास को पूर्ण कराने को कहा है। डीएम ने डीपीआरओ से कहा कि ग्राम पंचायत की स्थिति खराब है, कार्यों में उदासीनता बरती जा रही है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा मौजूद रहे।