डेंगू को लेकर भले ही हाईकोर्ट सख्त है, लेकिन अफसर इससे बेखबर हैं। एक ओर प्रतिदिन 14 से 15 डेंगू संक्रमित मिल रहे हैं तो दूसरी ओर सीएमओ ने कार्रवाई करने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी डिप्थीरिया टीकाकरण में लगा दी है। बृहस्पतिवार को जिले में डेंगू के 14 नए संक्रमित पाए गए हैं। जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब कुल संक्रमितों की संख्या 306 हो गई है।
डेंगू संक्रमितों के घर पर कार्रवाई करने वाले मलेरिया इंस्पेक्टर जय सिंह सोनकर, मोहम्मद इमरान, ओपी चंचल और संतोष कुमार श्रीवास्तव की ड्यूटी इन दिनों डिप्थीरिया टीकाकरण की निगरानी में लगा दी गई। इससे परीक्षण, दवा वितरण और छिड़काव का काम प्रभावित हो रहा है।
डेंगू संक्रमितों के घर पर टीम भेजकर कार्रवाई कराई जा रही है। इन कर्मचारियों को टीकाकरण कार्य के पर्यवेक्षण में लगाई गई है। यदि कहीं संक्रमित मिल रहे हैं तो वहां टीम भेजकर दवा का छिड़काव कराने के साथ कार्रवाई कराई जा रही है।
- डॉ. जीएम शुक्ल, सीएमओ।