अधिकतर मोहल्लों में एलटी लाइन के तार को हटाने में कोलकाता की एजेंसी कर रही मनमानी
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। मेरठ में मोहल्ले के पास डीजे पर नृत्य कर जलाभिषेक को रवाना हो रहे छह कांवड़ियों की रविवार को करंट से मौत हो गई। हादसे के बाद सीएम ने नाराजगी जताकर विद्युत विभाग के अफसरों को सख्त निर्देश दिया है। शहर के कई मोहल्ले में एबीसी लगा रही एजेंसी की मनमानी की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
शहर के एलआईसी ऑफिस के सामने वाली गली में बिजली के खंभे को बदलकर नए कर दिए गए। लेकिन इसी गली में अभी बांस बल्ली के सहारे बिजली का केबल तथा एलटी लाइन के तार जमीन से कुछ उंचाई पर लटकते हुए हादसे को दावत दे रहे हैं।
गली में रहने वाले राकेश मिश्र, आशीष सिंह सोमवंशी, अनिल प्रताप सिंह, एकता तिवारी, क्षमाशंकर पांडेय, रजनीश सिंह, विनय श्रीवास्तव, राम सिंह, एसपी सिंह, जेवी सिंह, राम प्रसाद, छोटेलाल सरोज, विवेक, विमल मिश्र सहित 22 परिवार के लोगों ने सांसद व विधायक से गुहार लगाकर समस्या का निदान करने की मांग की।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मोहल्ले की गली में एबीसी लगवाने को सर्वे तो किया लेकिन अभी तक नए पोल लगाने पर अमल नहीं किया है। रविवार को मेरठ में हुए बड़े हादसे के बाद अभी विद्युत विभाग के अफसरों की नींद नहीं खुली है। इस मोहल्ले की गली में भी शिवभक्तों की टोली रवाना हो रही है।
-
इस मोहल्ले में सर्वे कराने के बाद एबीसी तथा नए खंभे लगवाने की तैयारी है। एजेंसी को पत्र भेकजर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
अजीत कुमार, एसडीओ टाऊन, सदर डिवीजन