युवती की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार शव नहीं उठने दिया। नाराज लोगों ने प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर जाम लगा दिया। आधे घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। ऊंचाहार कोतवाली पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। इसके बाद कई घंटे वाहन जाम में फंसे रहे।
पड़ोसी जनपद रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली अंतर्गत कोटरा गांव की रहने वाली आंचल मौर्य (20) पुत्री चंदन मौर्य ने सोमवार रात एक युवक से कहासुनी और मारपीट के बाद क्षुब्ध होकर खुदकुशी कर ली थी। मंगलवार को ऊंचाहार पुलिस पोस्टमार्टम के लिए युवती का शव कब्जे में लेने गई तो लोग बिगड़ गए।
ग्रामीणों के साथ परिजनों ने शव नहीं उठने दिया। आरोप लगाया कि युवक के खिलाफ शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। लोग प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर पहुंचे और जाम लगाकर नारेबाजी करने लगी।
हाईवे जाम होने की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। ऊंचाहार कोतवाल करीब 9.30 बजे मौके पर पहुंचे। लोगों को शांत कराया। तभी वहां पहुंचे एसडीएम ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया, तब लोग माने और जाम खुला। संवाद
.
......
प्रधानाध्यपक की शिकायत
मानिकपुर। विकासखंड कुंडा के मानिकपुर यादवपट्टी प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक इंद्रबली पटेल पर आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान व ग्रामीणों का कहना है कि वह विद्यालय नही आते है। वह पूरे सप्ताह विद्यालय से गायब रहते हैं। एक दिन विद्यालय पहुंचकर वह पूरे सप्ताह की अपनी उपस्थिति लगा देते हैं। यही नहीं उस दिन भी वह बच्चों को पढ़ाने के बजाए विद्यालय में बैठ कर मोबाइल में ही बिजी रहते हैं। इसको लेकर कई बार गांव के प्रधान सौरभ सिंह से उनकी कहासुनी भी हो चुकी है, जिसकी शिकायत ग्राम प्रधान ने की है। इसके बाद भी उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ग्राम प्रधान का कहना है कि इस तरह के उपेक्षात्मक बर्ताव की वजह से बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। ऐसे लापरवाह अध्यापक पर अधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए। संवाद