बेटी की विदाई, पिता की अर्थी उठने से वापस आई
सोमवार को शादी की तैयारी में करंट लगने से गई थी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगीपुर। बेटी की बरात की आगवानी की तैयारी में जुटे पिता की करंट से मौत के बाद किसी तरह बेटी के विवाह की रस्में पूरी की गईं। मंगलवार की सुबह विदाई भी हुई। ससुराल पहुंची बिटिया पिता की अर्थी उठने के पहले फिर रोते बिलखते मायके पहुंची। यह देख वहां मौजूद परिवारीजनों और गांव वालों की आंखें नम हो गईं।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के बसुआपुर के रहने वाले राजमिस्त्री राम सजीवन वर्मा ने बेटी अनीता की शादी लालगंज के हुलास का पुरवा के पवन वर्मा के साथ तय थी। सोमवार को बरात आनी थी पर अनहोनी हो गई। करंट से राम सजीवन की मौत हो गई थी। गमगीन माहौल में किसी तरह शादी की औपचारिकता पूरी हुईं। मंगलवार भोर में ही बेटी की विदाई कर दी गई। पिता का शव घर आया, यह सूचना मिलते ही जिस साड़ी में अनीता विदा हुई थी, पिता की अर्थी उठने से पहले ही चंद घंटों बाद में ससुराल से वापस मायके आ गई। वह पिता के शव को देखकर लिपट कर रोने लगी। लोगों ने समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया। फिर परिजन अंत्येष्टि के लिए रवाना हुए। संवाद