नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री का पूजन किया गया। क्षेत्र में जगह जगह पंडालों में देवी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
नगर मुख्यालय समेत दीवानगंज, सदहा, तरदहा, मुजाही, सैफाबाद, ढकवा, समेत आसपास लगभग सभी बाजारों में दर्जनों की संख्या में मां दुर्गा की मूर्तियों की स्थापना की गई है। बेलखरनाथ शिव धाम पर स्थित पुष्पक मंडप में देवी मां की नौ रूपों की मूर्तियों की स्थापना की गई है। बाजार में पंडालों को आकर्षक रूप देकर सजाया गया है। अभिजीत मुहूर्त दोपहर बाद शुरू होने के कारण सुबह इन प्रतिमाओं की स्थापना नहीं की जा सकी। दोपहर बाद स्थापना के पश्चात देर शाम तक प्रतिमाओं के पूजन अर्चन का क्रम जारी रहा। नगर के मेला ग्रांउड पर भी राजू मोदनवाल व उनके सहयोगियों द्वारा आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है।