सप्ताहभर पहले धान के खेत की सिंचाई को लेकर हुई मारपीट में महिला की मौत हो गई। उसके शव को लेकर शुक्रवार की सुबह ग्रामीण बड़ी संख्या में फतनपुर थाने पहुंचे। पहले तो लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत करा दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर लिया।
बतादें कि फतनपुर थाना क्षेत्र के केवरा कला गांव निवासी मालती देवी (40) पत्नी ओम प्रकाश यादव 18 अक्तूबर को भोर चार बजे धान के खेत की सिंचाई करने के लिये भोजेमऊ नहर के पास गई थी। सिंचाई के दौरान उसके खेत का पानी बघौरा भोजेमऊ निवासी शिवकुमार के खेत में बहकर चला गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहा सुनी शुरू हो गई। विवाद के दौरान शिवकुमार ने मालती को पीट दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतका के पति ओम प्रकाश ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमे शिवकुमार मौर्य, सुशील कुमार व बाबूलाल को आरोपी बनाया था। पुलिस ने गुुरुवार को ही तीनों को हिरासत में ले लिया। इसे लेकर शुक्रवार को ग्रामीण बड़ी संख्या में फतनपुर मालती का शव लेकर थाने पहुंचे। उन लोगों का कहना था कि शिवकुमार ने अपने बेटे रामकैलाश व पत्नी निर्मला के साथ मालती को मारापीटा। ओम प्रकाश ने पुलिस को दूसरी तहरीर दी। पुलिस के रवैये से नाराज ग्रामीण पहले हाईवे जाम का प्रयास करने लगे लेकिन पुलिस ने सभी को रोक दिया। बाद में ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने ओम प्रकाश की तहरीर लेकर हिरासत में लिए गए सुशील कुमार व बाबूलाल को छोड़ दिया। जिसके बाद शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए।