फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मारपीट से सहमी छात्रा ने आग लगाकर दी जान

Sat, 15 Aug 2015 01:16 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
जेठवारा। परिवार में आए दिन मारपीट की घटना से सहमी बीए की छात्रा ने छप्पर के अंदर खुद को आग के हवाले कर दिया। झुलसने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आग की लपटें उठतीं देख गांव के तमाम लोग पहुंच गए। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही दमकल को दी। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन


जेठवारा थाना क्षेत्र के ऊदापुर होला का पुरवा निवासी रामसुमेर यादव का भाई सीताराम से भूमि का विवाद चल रहा है। बताते हैं कि दो दिनों से लगातार विवादित भूमि को लेकर दोनों परिवारों के बीच मारपीट हो रही थी। शुक्रवार को रामसुमेर कहीं गया था। घर पर उसकी बेटी रेनू (21) व उसकी मां थी। रामसुमेर की मानें तो इस दौरान उसका भाई सीताराम व भतीजे जबरन हैंडपंप तोड़ने लगे। जब रेनू की मां विरोध करने गई तो उसकी पिटाई शुरू कर दी। इससे सहमी रेनू अपने छप्पर में गई और मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। छप्पर से धुआं उठते देख गांव के लोग मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने आग पर काबू पाना चाहा, मगर कामयाबी नहीं मिल सकी। किसी ने इसकी जानकारी पुलिस के साथ दमकल को दी। खबर मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जलने के कारण रेनू की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चार भाई-बहनों में रेनू सबसे बड़ी थी। वह बीए की छात्रा थी। घटना के बाद रामसुमेर ने पुलिस को तहरीर देकर भाई और भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जेठवारा पुलिस ने सीताराम के बेटे को हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें