ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार के घायल होने से गुस्साए भंगवा के ग्रामीणोें ने प्रधान संग रेलवे मालगोदाम सुर्खी साइडिंग पर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने साइडिंग पर उतर रहे गेहूं की ढुलाई का काम बंद करवा दिया। सड़क की मरम्मत कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाम लगाकर ट्रकों की लोडिंग रुकवा दी। सूचना पाकर आरपीएफ, जीआरपी संग पहुंचे एसएस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया, तब जाकर एक घंटे बाद जाम हटा।
भंगवा-खजुरनी मार्ग पर रेलवे सुर्खी साइडिंग है। यहां आए दिन मालगाड़ी से अनाज, खाद इत्यादि उतारकर ट्रक पर लोड किया जाता है। शनिवार को सुर्खी साइडिंग पर गेहूं की ढुलाई में लगे एक ट्रक की चपेट में आने से भंगवा गांव का युवक राजकुमार तिवारी घायल हो गया । घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। प्रधान संघ सदर के अध्यक्ष दीनानाथ त्रिपाठी की अगुवाई में आसपास के गांव प्रधान और सैकड़ों ग्रामीण सुर्खी साइडिंग पर पहुंच गए और गेहूं ढुलाई का काम बंद करवा दिया। सड़क जाम करके रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
काम बंद होने की जानकारी मालगोदाम के कर्मचारियों ने एसएस टीएन मिश्रा को दी। एसएस फोर्स के सुर्खी साइडिंग पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे उनकी समस्या के बारे में अधिकारियों को अवगत कराएंगे। तब तक काम चलने दें। ग्रामीण उनकी बात पर मान गए। शाम को अध्यक्ष दीनानाथ त्रिपाठी और भंगवा के प्रधान दुर्गेश, प्रधान कमलेश, विशाल नाथ तिवारी, सुरेश यादव समेत कई लोग एसएस ऑफिस पहुंचे और टीएन मिश्रा को ज्ञापन देकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।