नकल की खुली छूट देने वाले दो केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ डीआईओएस ने मुकदमा दर्ज कराया है। शनिवार को हुई इस कार्रवाई से अब तक जिले के पांच केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। इन कॉलेजों के एक-एक प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं भी निरस्त होंगी।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में नकल कराने को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों पर गाज गिरने का सिलसिला जारी है। एसडीएम कुंडा की रिपोर्ट पर डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, परीक्षा निरस्त करने का आदेश दिया था। शनिवार को डीआईओएस शिवकुमार ओझा ने कुंडा तहसील के आरएन द्विवेदी इंटर कॉलेज पनिगो और शीतला प्रसाद इंटर कॉलेज तिवारीनगर विजयीमऊ के केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इसके पूर्व आरपी तिवारी इंटर कॉलेज सराय सुभद्रा संग्रामगढ़, बाबूलाल इंटर कॉलेज मऊदारा कुंडा, महाशय मसूरियादीन इंटर कॉलेज कोटिला अख्तियारी के केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। डीआईओएस ने बताया कि जिन कॉलेजों के केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है, उनकी निरीक्षण वाले दिन के विषय की परीक्षाएं भी निरस्त होंगी। सांगीपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में एक पेपर की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। डीआईओएस शिवकुमार ओझा ने बताया कि अभी बोर्ड से पत्र नहीं आया है, मगर सूचना मिली है कि परीक्षा निरस्त कर दी गई है। उन्होंने बताया कि निरस्त परीक्षा शहर के जीआईसी में होगी।