घटना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस।
- फोटो : संवाद।
बाघराय क्षेत्र के छेवंगा चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों में डंपर चालकों की लापरवाही को लेकर आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, कुंडा कोतवाली क्षेत्र के गैसपुर मौली गांव के लोहारन पुरवा निवासी नोखेलाल भारती (38) पुत्र ऊदल अपनी बाइक से बहनोई हैदर भारती (45) पुत्र लहरी भारती उर्फ श्री मंगता, बहन रीता देवी (41) और पांच वर्षीय भांजे शिवम को लेकर प्रयागराज के मऊआइमा क्षेत्र स्थित बांका जलालपुर जा रहे थे।
बताया गया कि करीब दोपहर एक बजे जब वे बाघराय के छेवंगा चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नोखेलाल भारती, हैदर भारती और रीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाघराय ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अजय यादव और सीओ सदर मनोज रघुवंशी सीएचसी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक वहां रुककर परिजनों से बातचीत की। इसके बाद वे मुख्यालय लौट गए। थानाध्यक्ष श्रवण कुमार ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने डंपरों की तेज रफ्तार और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की मांग की है।