नगर कोतवाली के रूपपुर में रहने वाले एक शिक्षक के बंद मकान से चोरों ने नगदी समेत हजारों के जेवरात पार कर दिए। वह परिवार के साथ पैतृक गांव गया था। इसकी जानकारी उसे लगी तो भाग कर घर आया और कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की। मानधाता थाना के सराय सुजान गांव निवासी रामयज्ञ मौर्य पुत्र भइयाराम मौर्य शिक्षक है। वह कृष्णजीपुरम न्यू कॉलोनी रूपापुर में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहता है। उसके पैतृक गांव में मांगलिक कार्यक्रम था। वह परिवार के साथ गांव गया था। शुक्रवार की रात में चोर मेन दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद ताला तोड़कर मेन रूम में पहुंच गए। यहां रखी आलमारी व बाक्स की चाबी चोरों के हाथ लग गई। ताला खोलकर आलमारी व बाक्स में रखी 30 हजार नगदी, जेवरात व गैस सिलेंडर के साथ साइकिल चोर उठा ले गए। शनिवार सुबह पड़ोस के लोगों ने मेन गेट का ताला टूटा देखा तो दंग रह गए। इसकी जानकारी फोन पर रामयज्ञ को दी। वह भागकर कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।