अधूरी तैयारी के साथ लोहा चोरों को पकड़ने जाना दो सिपाहियोें को महंगा पड़ गया। संख्या अधिक होने के कारण बदमाश सिपाहियों पर भारी पडे़। रात के अंधेरे में बदमाश सिपाहियों को धुनने के बाद भाग निकले। हालांकि सिपाही कुछ बदमाशों को पहचान गए थे। दूसरे दिन उनकी तलाश में दबिश दी। चर्चा है कि सिपाहियों ने मामले में समझौता कर लिया। अफसरों को भनक तक नहीं लग सकी।
नगर कोतवाली के कटरामेदनीगंज इलाके में एटीएल का खंडहर है। जिसमें अभी भी काफी मात्रा में लोहा मौजूद है। बुधवार की रात लोहा चोरी की खबर पर सिटी चौकी के दो सिपाही बदमाशों को पकड़ने के लिए जा धमके। चर्चाओं पर यकीन करें तो बदमाशों की संख्या आधा दर्जन के करीब थी। दोनों सिपाहियों ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने दोनों सिपाहियों पर हमला बोल दिया। चूंकि सिपाहियों के पास असलहे नहीं थे।
इसलिए बदमाशों के हाथों वे पिट गए। अंधेरे का लाभ उठाते हुए बदमाश वहां से भाग निकले। गुरुवार को दोनों सिपाही बदमाशों के घर पहुंच गए। हालांकि बदमाश घर पर नहीं थे। आश्चर्य की बात यह है कि बदमाशों के परिजनों व कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाब में सिपाहियों ने मामले को रफादफा कर दिया। सीओ सिटी रमेशचंद्र ने अनभिज्ञता जताई।