सुवंसा। एक ही रात चोर अगल-बगल रहने वाले दो लोगों के घरों का ताला तोड़कर जेवरात सहित लाखों का सामान उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर परिजन परेशान हो गए। शौच को गए कुछ लोगाें ने गन्ने के खेत में चोरी का बॉक्स और उसमें रखा कपड़ा देखा तो इसकी जानकारी गृहस्वामी को दी।
फतनपुर थाना क्षेत्र के कनेवरा गांव में स्थित बदौड़ा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के बगल कन्हैयालाल विश्वकर्मा का घर है। वह लकड़ी का कारोबार करता है। मंगलवार की रात छत के रास्ते घर में घुसे चोर स्टोर रूप का ताला तोड़कर उसमें रखे तीन बॉक्स उठा ले गए। कन्हैयालाल ने बताया कि बॉक्स में 15 हजार नकद व 90 हजार से अधिक के जेवरात रखे थे। उधर, कन्हैयालाल के बगल रहने वाले शौकीन प्रजापति का परिवार दालान में सो रहा था। घर में ताला बंद था। कोहरा अधिक होने के कारण कुछ दिखाई नहीं पड़ रहा था।
मंगलवार की रात चोर उसके दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। घर में रखा बर्तन, जेवरात, 50 हजार नकदी उठा ले गए। शौकीन की बेटी की बारात फरवरी में आनी है। वह बेटी की शादी की पूरी तैयारी कर चुका था। चोरी के बाद कन्हैयालाल के घर का बॉक्स घर से कुछ दूर स्थित गन्ने की खेत में पड़ा मिला। सुबह शौच गए लोगों ने बिखरे कपड़े व टूटा बॉक्स देखा तो इसकी सूचना कन्हैया के साथ पुलिस को दी। दोनों परिवार के लोगों ने चोरी की तहरीर पुलिस को दी है।
कटरागुलाब सिंह पुलिस चौकी से सटे गल्ला की दुकान का रोशनदान तोड़कर घुसे चोरों ने नकदी सहित हजारों का समान उठा ले गए। चोरी की घटना की भनक पुलिस को सुबह तक नहीं लगी। दुकानदार दुकान खोलकर अंदर घुसा तो बिखरे सामान और गल्ले में रखे पैसे गायब देख दंग रह गया। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की तो मामले की शिकायत एसपी से की।
कटरागुलाब सिंह चौकी से सटी जगनारायण अग्रहरी की दुकान है। वह आढ़त का काम करता है। इलाके के लोग उसकी दुकान पर गल्ला खरीदते और बेंचते हैं। मंगलवार की रात जगनारायण दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात चोर रोशनदान तोड़कर दुकान में घुस गए। कैशबॉक्स में रखे 10 हजार रुपये नकद व कई का बोरा गेहूं, चावल, बाजरा उठा ले गए। सुबह वह दुकान खोलकर अंदर घुसा तो बिखरे सामान और कई बोरे अनाज गायब देख दंग रह गया। उसने कैश चेक किया तो वह गायब था। उसने इसकी शिकायत चौकी पुलिस से की।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार किया तो उसने थाने में तहरीर देने के साथ एसपी से मिलकर मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की। जगनारायण ने बताया कि उसकी दुकान के बगल पुलिस चौकी है। चौकी में दरोगा विजय शंकर तैनात है। वह रात में थाने पर चला जाता है। इसके बाद चार सिपाही बचते है। बॉर्डर पर चौकी होने के बाद अधिकतर सिपाही सोरांव और मऊआइमा स्थित अपने घर चले जाते हैं। चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष है।