अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने तीन लोगों को इलाहाबाद रेफर कर दिया। कंधई थाना क्षेत्र के साल्हीपुर निवासी दीपक मिश्र (20) पुत्र रामनिरंजन मिश्र अपने गांव के साथी अभयराज (18) पुत्र रामबली और पूरे बेनीराम निवासी अनुज पांडेय (20) पुत्र श्यामशंकर पांडेय के साथ परीक्षा देने के लिए जेठवारा के गारापुर गया था। सर्वोदय डिग्री कालेज में परीक्षा देने के बाद तीनों बाइक से घर लौटने लगे। वे सरायआनादेव के पास पहुंचे। तभी सामने से जेठवारा की ओर जा रही बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद तीनों गिर पड़े और बोलेरों उन्हें रगड़ते हुए निकल गई।
आसपास के लोगों के पहुंचने से पहले ही चालक बोलेरो लेकर भाग चुका था। इस बीच वहां पहुंचे भाजपा नेता पप्पन सिंह गंभीर रूप से घायल दीपक मिश्र को अपनी सफारी से लेकर जिला अस्पताल आए। जहां डाक्टरों ने उसका प्राथमिक इलाज करने के बाद इलाहाबाद रेफर कर दिया। हादसे में घायल अनुज पांडेय व अभयराज को भी जिला अस्पताल लाया गया। अनुज को भी डाक्टरों ने इलाहाबाद भेजा। दूसरी ओर सोमवार की रात सरायसागर के करीब इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर बेकाबू पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया। जिससे मऊआइमा निमंत्रण में शामिल होने जा रहे प्रमोद यादव (35) पुत्र जयराम निवासी औवार व उसका साथी बहादुर घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरों ने प्रमोद की हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया।