मोपेड से लालगंज की ओर आ रहे अधेड़ को लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। इलाज के दौरान जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। मृतक के बेटे ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने को लेकर तहरीर दी है।
लालगंज कोतवाली के धारूपुर गौखाड़ी का विष्णुपाल वर्मा(55) पुत्र महावीर रविवार की सुबह मोपेड से कस्बे में किसी काम से आ रहा था। मेढ़ावां गांव के समीप लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में मोपेड समेत अधेड़ हाईवे पर पलट कर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बोलेरो लेकर चालक भाग निकला।
उसे आनन-फानन में लालगंज सीएचसी लाया गया। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन विष्णुपाल को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, कि रास्ते में उसकी सांसे थम गई। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। मृतक के बेटे जगतपाल वर्मा ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर कोतवाली में तहरीर दी है। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।