महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज बाजार में रविवार रात दंपति को बंधक बनाकर बदमाश नगदी समेत लाखों रुपये का सामान उठा ले गए। विरोध करने पर दो लोगों की राड से पिटाई कर दी। सुबह तक सभी घर में बेहोश पड़े रहे। बाद में जानकारी पर आसपास के लोग घायलों को अस्पताल ले गए। थाने में तहरीर देने के बाद घटनास्थल पर सीओ सहित अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे।
महेशगंज थाना क्षेत्र के हीरागंज बाजार निवासी मोतीलाल गौतम सेना की गन फैक्ट्री में काम करता था। रिटायर होने के बाद वह घर पर ही रह रहा है। रविवार की रात में वह अपनी पत्नी दुलारा देवी व बेटी आरती के साथ बरामदे में चारपाई डालकर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर सोया था। रात में कुछ लोग दीवार फांदकर अंदर आए और तीनों को बंधक बना लिया। इसके बाद उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद घर में रखे जेवर व 15 हजार रुपये की नगदी ले जाने लगे। गाढ़ी कमाई लुटते देख मोतीलाल ने विरोध किया तो बदमाशों ने लोहे के राड से उसकी पिटाई शुरू कर दी। बेटी पिता को बचाने के लिए दौड़ी तो उसे भी बुरी तरह पीटा गया। जब दोनों बेहोश हो गए तो दुलारा को बांधकर बदमाश सामान लेकर भाग निकले। सुबह आसपास के लोगों ने बरामदे में खून फैला देखा तो शोर मचाया। इस पर भारी संख्या में लोग जुट गए। घायलों को महेशगंज सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें दो घंटे बैठाए रखा। बाद में तहरीर दी गई तो सीओ सदर जांच के लिए मौके पर पहुंचे। मोतीलाल की तहरीर पर छेदीलाल गौतम पुत्र सरजू, संजय पुत्र हीरालाल व सजनलाल सहित एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने बंधक बनाकर, जानलेवा हमला करते हुए लूटने का मुकदमा दर्ज कर किया है।
बहू के गांव के लूटेरे
कुंडा(ब्यूरो)। महेशगंज के हीरागंज में हुई लूट के आरोपी मोतीलाल की बहू के गांव के हैं। मोतीलाल के बेटे अजय की शादी बाघराय थाना क्षेत्र के चकवढ़ गांव निवासी छेदीलाल की पुत्री से हुई है। अजय ने विवाद के कारण पत्नी को मायके भेज रखा है। इस मामले में भी तीन को मोतीलाल ने पहचानकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौके पर सीओ सदर देशराज सिंह के साथ जिला फील्ड यूनिट टीम के एक्सपर्ट प्रवीण मिश्रा ने भी पहुंचकर जांच की।