नगर कोतवाली के महुआर निवासी रेलवे ठेकेदार सतीश उर्फ टनाटन तिवारी की लखनऊ में साथ बैठे लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। आसपास के गांव के लोगों का भी उसके घर पर मजमा लगा रहा। देर शाम शव घर पहुंचा । सतीश उर्फ टनाटन तिवारी (48) करीब 25 वर्ष पहले रोजी रोटी के सिलसिले में लखनऊ गए थे धीरे-धीरे उन्होंने रेलवे की ठेकेदारी में कदम रखा। वह आलमबाग में अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार के लोगों की मानें तो रविवार की रात वह अपने पुराने मकान में साथियों के साथ बैठे थे। रात करीब 10.45 के करीब गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। देखा तो सतीश खून से लथपथ पड़े थे। आनन- फानन में लोग उसे किसी वाहन से लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताते हैं कि सतीश अपने मकान के लिए निकलने की तैयारी में था। तभी किसी बात से खुन्नस खाए साथियों ने उसे गोली मार दी। पिता की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधे पर थी।