न्यू ममफोर्डगंज में रहने वाले बीए के छात्र रोहन राज की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी गौरव यादव उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। उसने बताया कि रोहन ने कुछ साल पहले झगड़े के दौरान उसके पिता को थप्पड़ मार दिए थे। तब से वह अक्सर उसे सबके सामने इस बारे में बोलकर उसे जलील करता और जबरन पैसे भी ले जाता था। अपने दिवंगत पिता के अपमान का बदला लेने के लिए ही उसने सुनियोजित ढंग से गला घोंटने के बाद चापड़ से गला रेतकर उसे मार डाला। कत्ल के बाद से वह रेलवे स्टेशन के आसपास फरारी काट रहा था।
किला स्थित आर्डिनेंस डिपो में बतौर टेक्नीशियन कार्यरत विजय कुमार के बेटे रोहन राज (22) को उसका दोस्त गौरव यादव उर्फ गोलू 22 नवंबर की रात साथ ले गया था। फिर रात में रोहन नहीं लौटा। दूसरे रोज सुबह चैथम लाइंस के पास एनसीसी मैदान पर उसकी रक्तरंजिश लाश मिली। पास में ही रस्सी पड़ी मिली। उसका गला रेता गया था। सिर पर भी पत्थर से हमला किया गया था। गौरव उर्फ गोलू फरार था। उसे शनिवार रात पुलिस ने पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर लिया। सीओ कर्नलगंज डीपी तिवारी के मुताबिक, पूछताछ में गौरव ने बताया कि करीब छह साल पहले उसके और रोहन के परिवार के लोगों के बीच झगड़ा हुआ था। उसी दौैरान रोहन ने पीछे से आकर उसके पिता सुरेश यादव को कई थप्पड़ मारे थे। सीओ के अनुसार उस घटना के बाद से रोहन अक्सर गौरव को सबके सामने उसके पिता को थप्पड़ मारने की बात याद दिलाकर चिढ़ाता रहता। इस बारे मे नहीं बोलने की खातिर रोहन अक्सर उससे शराब के लिए पैसे लेता था। वह खून का घूंट पीकर रह जाता था।
गौरव के मुताबिक, उसने तय कर लिया कि अब रोहन को मार डालेगा। उसने घटना से दो दिन पहले कटरा बाजार से 280 रुपये में चापड़ और सात रुपये में नाइलान की रस्सी का टुकड़ा खरीदा। 22 नंवबर की शाम रोहन ने उससे शराब पीने के लिए 300 रुपये तथा उसकी पान की दुकान से सिगरेट का पैकेट लिया। फिर वह शराब और सिगरेट पीने के लिए एनसीसी मैदान की तरफ चला गया। कुछ देर बाद गौरव भी रस्सी और चापड़ लेकर वहां पहुंच गया। उसने सुनसान में बैठकर सिगरेट के कश लगा रहे रोहन का गला रस्सी से कस दिया। वह बेसुध हो गया तो चापड़ से गर्दन रेतकर हत्या कर दी। सिर पर पत्थर से भी प्रहार किया।फिर अपनी खून सनी कमीज उतारकर वह फाफामऊ पुल पर गया। वहीं किनारे चापड़ रख दिया। इसके बाद वह चार रोज तक रेलवे स्टेशन के आसपास टहलता और रात गुजारता रहा। वह घर लौट रहा था तभी उसे पुलिस ने रास्ते में पकड़ लिया।