प्रतापगढ़। बाइक सवार से मोबाइल छीनकर भाग रहे दो बदमाशों को लोगों ने दौड़ाकर दबोच लिया। दोनों की पिटाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने काफी देर तक कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस चौकी घेरे रखी। स्वॉट टीम पकड़े गए दोनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
शहर के सिविल लाइंस पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर शुक्रवार की सुबह मदर अस्पताल के पास धीरेंद्र यादव निवासी दहिलामऊ मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। तभी बाइक सवार दो बदमाश युवक का मोबाइल छीनकर भागे। शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाशों को दौड़ाकर दबोच लिया। इसके बाद दोनों की पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर काफी देर तक पुलिस चौकी घेरकर रखी।
बाद में पकड़े गए दोनों बदमाशों को पूछताछ के लिए स्वाट टीम अपने साथ ले गई। चौकी प्रभारी सिविल लाइन ने बताया कि उनसे पूछताछ के बाद उनके साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पकड़े गए बदमाश आजाद नगर और बेगमवार्ड के हैं।