जेठवारा पुलिस ने गुरुवार को दबोचे गए बदमाशों के पास से लूटी गई बाइक, 1.12 लाख रुपये, तमंचा और मोबाइल बरामद किया है। पुलिस दावा कर रही है कि मुठभेड़ के बाद दोनों को पकड़ा गया। पैर में गोली लगने से एक बदमाश जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक हेड कांस्टबेल को भी गोली लगी है।शुक्रवार को एसपी ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी का बयान लिया।
जेठवारा पुलिस ने गुरुवार की देर शाम डेरवा बाजार स्थित बैंक आफ बड़ौदा के पास चेकिंग लगा रखी थी। इस दौरान एक बाइक पर जा रहे लालगंज कोतवाली के डीह मेहंदी निवासी इमरान पुत्र अंसार खॉं व जेठवारा थाना के धरमपुर भावनपुर निवासी रोहित त्रिपाठी पुत्र कृष्ण कुमार त्रिपाठी को पकड़ लिया गया। पुलिस का दावा है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाईं।
पुलिस के फायर करने से इमरान जख्मी हो गया। वहीं बदमाशों की गोली से हेड कांस्टेबल इंद्रदेव यादव को भी मामूली चोटें आईं। एसपी का दावा है कि मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाशों ने यह स्वीकार किया हेै कि 14 फरवरी को बाबूगंज के शिवबक्श तालाब के पास मैजिक पर सवार लोगों को लूटा था। 4 फरवरी को रामपुर तियाई रानीगंज कैथौला, लालगंज के पास एक मोटर साइकिल सवार व्यापारी से लूट की थी। इस कार्रवाई पर एसपी ने पुलिस टीम को 11000 रुपये का पुरस्कार दिया है। घायल हेड कांस्टेबल को पांच हजार रुपये का इनाम दिया है।