कराटे सीखने वाले बच्चों के साथ आईजी रमित शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
वाहनों से कबाड़ बनी नगर कोतवाली का हाल देख आईजी का पारा गरम हो गया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव के साथ ही कार्यालय का भी हाल देखा। पुलिस लाइन के निरीक्षण में भी गंदगी व अव्यवस्था का बोलबाला दिखा। उन्होंने जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। थानेदारों को अपराधों पर रोकथाम के साथ ही वांछितों की धरपकड़ का निर्देश दिया।
आईजी रमित शर्मा शनिवार को पुलिस लाइन पहुंचे। सई काम्पलेक्स में आयोजित थानेदारों की बैठक में आईजी शामिल हुए। अधिकारियों से परिचय के बाद आईजी कानून व्यवस्था को लेकर थानेदारों से सवाल जवाब करने लगे। उन्होंने अपराधों की रोकथाम के साथ ही वांछितों की धरपकड़ का फरमान सुनाया। कहा कि हर छोटे मामलों को गंभीरता से लें। रानीगंज, नगर कोतवाली, देवसरा, पट्टी, लालगंज व कंधई क्षेत्र में बढ़े अपराधों पर लगाम लगाने की हिदायत थानेदारों को देते हुए कहाकि घटनाओं का सही खुलासा किया जाए। इसके बाद वह पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मियों का हाल जानने के लिए निकले।
महिला आरक्षी की बैरकों में गंदगी देख नाराजगी जताई। सफाई व्यवस्था ठीक न रहने व आवासों के जर्जर होने को गंभीरता से लेते हुए निर्देश किया कि हर हाल में पुलिसकर्मियों की सहूलियत के लिए व्यवस्था की जाए। गंदगी किसी भी तरह से परिसर में नहीं होनी चाहिए। पुलिस लाइन के बाद आईजी सीधे नगर कोतवाली का मुआयना करने पहुंचे। कार रुकते ही उनका सामना परिसर में खड़े वाहनों पर पड़ी। उनका पारा गरम हो गया। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द वाहनों का निस्तारण कराकर कोतवाली को उसका स्वरूप दिया जाए। उन्होंने मालखाना, हवालात, कार्यालय व मेस का निरीक्षण किया। कमियों को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया। आईजी के जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
कराटे का प्रशिक्षण लेने वाले बच्चों के बीच पहुंचे आईजी
पुलिस लाइन परिसर में आईजी का निरीक्षण चल रहा था। तभी उनकी नजर जूड़ो कराटे का प्रशिक्षण ले रहे बच्चों पर पड़ी। प्रशिक्षक से जानकारी लेने के बाद वह बच्चों से बातचीत करने लगे। बच्चों ने भी प्रशिक्षण के बारे में आईजी को जानकारी दी। बच्चों के साथ आईजी ने फोटो भी खिंचवाई।
आईजी के जाते ही सड़क पर उतरे एसपी
आईजी रमित शर्मा के जाते ही पुलिस अधीक्षक शहर की सड़कों पर पैदल ही निकल पड़े। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी राकेश कुमार सिंह व सीओ सिटी रमेशचंद्र भी सड़कों पर फर्राटा भरने वाले संदिग्ध लोगों की धरपकड़ में जुट गए। बाइक सवार लोगों के कागजात भी चेक होने लगे। शहर के चौकी प्रभारी भी अपने क्षेत्र में अलर्ट हो गए। वाहनों की सघन चेकिंग से हड़कंप मचा रहा।